भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस साल मानसून के समय से पहले आने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून 27 मई तक भारतीय तटों पर पहुंच जाएगा

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस साल मानसून के समय से पहले आने और 27 मई तक केरल में बारिश की पहली फुहार पड़ने का अनुमान जताया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस साल मानसून के समय से पहले आने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून 27 मई तक भारतीय तटों पर पहुंच जाएगा और सबसे पहले केरल में बारिश की पहली फुहार पड़ेगी। बता दें कि हिंद महासागर से भारत में आने वाली दक्षिणी-पश्चिमी हवाएं, जिसे मानसून कहा जाता है, भारत में अपने साथ बारिश लेकर आती हैं। मानसून को भारत की कृषि आधारित अर्थव्यस्था के लिए काफी अहम माना जाता है।
आमतौर पर केरल में मानसून का आगमन एक जून को होता है। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, “इस साल केरल में मानसून का आगमन समय से पहले हो सकता है। केरल में मानसून 27 मई को दस्तक दे सकता है और इस तारीख में चार दिन आगे पीछे होने का अनुमान है।”
दक्षिण पश्चिमी मानसून के समय से पहले आगमन की जानकारी ऐसे समय की गई है जब उत्तर भारत के तमाम इलाके भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। समय से पहले मानसून आने से देश के अधिकतर हिस्सों में लोगों को राहत मिलेगी जो पिछले एक पखवाड़े से अधिक समय से भीषण गर्मी से बेहाल हैं।